शिक्षक नेताओं ने सोमवार को कुठौंद ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी के साथ मारपीट कर दी। इस पर उन्होंने कुठौंद थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके साथ ही बीएसए को भी विभागीय कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। सोमवार को कुठौंद ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी कमलेश गुप्त प्रात: 9.40 बजे जूनियर हाईस्कूल
शंकरपुर में अभिलेखों का निरीक्षण कर रहे थे। उसी समय ब्लाक अध्यक्ष राकेश शुक्ला सहायक अध्यापक जूनियर हाईस्कूल कुरेपुरा कनार, ब्लाक महामंत्री धर्मेंद्र सिंह चौहान सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय बिचौली के साथ यहां आए। इस दौरान एक शिक्षक को पूर्व में अनुपस्थित करने पर उनकी बीईओ के साथ तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि
शिक्षक नेताओं ने बीईओ गुप्त के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान प्राथमिकविद्यालय शंकरपुर के सहायक अध्यापक अजय पांडेय, उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक कृष्णकुमार पाठक व सह समन्वयक बीआरसी मदारीपुर रमेश कुमार ने बीचबचाव भी किया। बाद में खंड शिक्षाधिकारी ने कुठौंद थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर शिक्षकों के खिलाफ
शासकीय कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने की तहरीर दी। इसके बाद शाम 4.30 बजे बीएसए प्रदीप कुमार पांडे को उक्त शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इस बावत बीएसए ने कहा कि उक्त प्रकरण की जांच कराकर दोषियोें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुठौद थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे के अनुसार मारपीट की तहरीर
मिली है। इस मामले में राकेश शुक्ला, धर्मेंद्र चौहान, अवधेश श्रीवास्तव, प्रदीप पचौरी समेत कुल चार लोगों के खिलाफ धक्कामुक्की व गालीगलौज करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। कुठौंद खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश गुप्ता ने बताया कि सोमवार
को वे सुबह 9.40 बजे जूनियर हाईस्कूल शंकरपुर में अभिलेखों का निरीक्षण कर रहे थे। उसी समय ब्लाक अध्यक्ष राकेश शुक्ला समेत चार-पांच क्षेत्रीय शिक्षक नेता आए और गालीगलौज व मारपीट करने लगे। इनमें से अवधेश श्रीवास्तव सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय दौनापुर को पूर्व में उन्होंने जांच के दौरान अनुपस्थित किया था। इसी की टीस लेकर अन्य शिक्षकों ने उनके साथ मारीपीट की।
पहला नहीं है यह मामला
शिक्षक नेताओं और खंड शिक्षा अधिकारी के बीच मारपीट का यह मामला पहला नहीं है। इसके पहले करीब पांच माह पूर्व बीईओ कदौरा सर्वेश कठेरिया के साथ भी शिक्षक नेताओं ने अभद्रता की। तब खंड शिक्षाधिकारी ने शिक्षक नेताआें द्वारा जान से मारने के प्रयास का आरोप भी लगाया था। हालांकि तब किसी भी शिक्षक नेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
खंड शिक्षाधिकारी हुए लामबंद
कुठौंद के खंड शिक्षाधिकारी से मारपीट की घटना को लेकर सभी बीईओ लामबंद होकर बीएसए से मिले। बीएसए से इस प्रकरण की निंदा करते हुए शिक्षकों पर कार्रवाई की बात कही। अगर शिक्षकों पर कार्रवाई न हुई तो जिले में कार्य करना कठिन हो जाएगा। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी जालौन आनंद भूषण, खंड शिक्षाधिकारी डकोर राजेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।