अवैध खनन को लेकर कदौरा क्षेत्र हमेशा चर्चा में बना रहता है। सर्दी व कोहरे को देखते हुए मौरंग माफिया सक्रिय हो गए हैं। अब रात दिन ट्रैक्टरों से मौरंग का अवैध खनन शुरू कर दिया गया है। आरोप है कि इसकी जानकारी थाना पुलिस को रहती है, लेकिन कोई कुछ बोलता नहीं है। रविवार को चतेला गांव में मुखबिर ने पुलिस को चार ट्रैक्टरों से मौरंग का अवैध खनन किए जाने की सूचना दी। उधर थाने से पुलिस पहुंचती इससे पहले ही थाने से किसी ने माफियाओं को छापेमारी की सूचना दे दी। माफिया मौरंग वहीं डालकर भाग निकले।
चालक ट्रैक्टर को लेकर निकलने का प्रयास करने लगे तभी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने भाग रहे ट्रैक्टर चालकों में एक को धर दबोचा। साथ ही पुलिस ने मौके से करीब छह सात ट्राली मौरंग भी बरामद की। पुलिस ने मौरंग को सीज कर चालक को थाने में बंद कर दिया। कदौरा थानाध्यक्ष अशोक उपाध्याय का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगा कर रखी है। अगर ऐसा कोई मामला है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।