मंगलवार देर शाम शहर के बघौरा रोड स्थित एक नाले में संदिग्ध हालात में एक किशोर का शव पड़ा मिला। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया। कोतवाल संजय गुप्ता का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली के मोहल्ला बघौरा निवासी वीरेंद्र कुमार का पंद्रह वर्षीय पुत्र जीतू दो दिन पहले लापता हो गया था। वीरेंद्र के मुताबिक जीतू के बारे में नाते, रिश्तेदारों के यहां भी फोन कर जानकारी की, लेकिन कहीं पर उसका कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने कोतवाली में बेटे के दोस्त पर बहला फुसलाकर लिवा ले जाने का आरोप लगाया था। वीरेंद्र ने मंगलवार सुबह कोतवाली में मामले की तहरीर दी।
पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की, परंतु देर शाम 7 बजे चुर्खी रोड पर नाले में एक किशोर का शव मिला है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब छानबीन की तो शव की शिनाख्त दो दिन से लापता जीतू के रूप में हुई। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता का कहना है कि मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है।