शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुशील नगर निवासी फौजी लोकेंद्र सिंह पुत्र कल्यान सिंह के बंद पड़े घर में सोमवार की देर रात चोर चहारदीवारी के सहारे चढ़कर छत पर पहुंचे और वहां लगे लोहे के जाल को संबल से उखाड़कर लोहे का पाइप के सहारे घर पर उतर गए। कमरों व अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने का हार, छह चूड़ी, पांच अंगूठियां, दो जंजीर, झुमकी, बृजबाला, पायलें व 15 हजार रुपये नगद, साड़ी, मकान की रजिस्ट्री के कागजात सहित लगभग चार लाख का सामान पार कर ले गए।
सुबह जब पड़ोसी अपनी छत पर गए तो उन्होंने लोकेंद्र की छत पर लगा जाल उखड़ा देखकर लोकेंद्र को सूचना दी। लोकेंद्र ने बताया कि वह खेती के काम से अपने गांव नुनाइचा थाना माधौगढ़ सात दिन पहले परिवार के साथ चला आया था। घर पर कोई नहीं था। उसने चोरी की सूचना कोतवाली में दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल शिवगोपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल की।
चुनाव का वक्त, थम नहीं रहा अपराध
इलाकाई लोगों का कहना है कि चुनाव के वक्त भी पुलिस सक्रिय नहीं है। रविवार की रात माधौगढ़ में बदमाशों लूटपाट और फायरिंग की और सोमवार को फौजी के घर को निशाना बनाया। कहना है कि रात के वक्त पुलिस सड़क पर नजर ही नहीं आती है। जिस कारण भी चोरों के हौसले बढ़े हैं।
बच्चों की बचत भी ले गए चोर
चोरों ने फौजी लोकेंद्र के घर में रखे बक्से अलमारी में रखे जेवर नगदी के अलावा बच्चों की बचत की गुल्लकों को भी नहीं छोड़ा। चोरों ने बच्चों की गोलक तोड़कर कर उनमें रखे सिक्के व रुपये भी समेट लिए। चोर तसल्ली से पूरी रात धमाचौकड़ी मचाते रहे पर पास-पड़ोस को भनक भी नहीं लगी।