पुलिस से मुठभेड़ में पकडे़ गए बदमाश।
- फोटो : अमर उजाला
कुठौंद थाना पुलिस व स्वाट टीम ने एक विवाह घर के पास एक कथित मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर दो बाइक व चार तमंचे बरामद किए हैं। वहीं, एक आरोपी की पत्नी ने उरई पुलिस लाइन में पत्रकाराें को बताया कि पुलिस उसके पति को फंसा रही है। पुलिस उसे ट्रिपल मर्डर में पूछताछ के लिए लिवा लाई थी और यहां पर फर्जी मुठभेड़ दिखा रही है।
कुठौंद थाना प्रभारी बलवीर सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अरुण तिवारी ने बताया कि वह शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बदमाशाें की तलाश में औरैया की ओर जा रहे थे। तभी मनोहर उत्सव ग्रह के पास उन्हें चार बदमाश दिखाई दिए जिन्हाेंने पुलिस की टीम को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर चार बदमाशाें को दबोच लिया। पकड़े गए
बदमाश रिंकू उर्फ गौरव चौहान निवासी विरला नगर ग्वालियर , सोनू परिहार निवासी गोश ग्वालियर , नीतेश तोमर , दीनू उर्फ दिनेश को गिरफ्तार कर उनसे चार तमंचे, आठ
कारतूस व दो बाइक बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि बदमाश लूट की फिराक में थे। वहीं पकड़े गए रिंकू की पत्नी ने बताया कि उनके पति निर्दोष हैं और पुलिस उन्हें ट्रिपल मर्डर मामले में पूछताछ के लिए लाई थी। उसने बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता है और वह पति को न्याय दिलाकर रहेगी।