झंडूता विकास खंड के तहत शुक्रवार रात पंचायत घर बैहना ब्राह्मणा के दो कमरों के ताले तोड़ कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर पंचायत घर से बल्ब व कुर्सियां तक चुरा ले गए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पंचायत प्रधान कमलेश ने चोरों का सुराग देने वाले को पांच हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है।
चोरी की घटना का पता शनिवार तब लगा जब सुबह 10 बजे ब्रह्मी देवी पंचायत घर में अपने प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पहुंची। उन्होंने पंचायत घर के दोनों दरवाजों के ताले टूटे हुए पाए। घटना की जानकरी मिलते ही पंचायत चौकीदार छोटू राम भी पहुंच गया। चौकीदार ने पंचायत प्रधान कमलेश व सचिव को घटना के बारे में सूचित किया।
प्रधान तथा सचिव राकेश कुमार ने तुरंत घटना स्थल पर पहुंच कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस दल में हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार व कांस्टेबल मंजीत सिंह भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया।
पंचायत सचिव ने बताया कि पंचायत घर के दो कमरों से कंप्यूटर का सीपीओ, की-बोर्ड, माउस, बैटरी, एक इंजेक्ट प्रिंटर, एक लेजर प्रिंटर, स्पीकर, इलेक्ट्रीसीटी बोर्ड कमरे से गायब है। जबकि, दूसरे कमरे से क्रिकेट बैट, हेल्मेट, बैग, वॉलीबाल, बैडमिंटन नेट सहित अन्य 53287 का स्पोर्ट्स का सामान चोर उड़ा ले गए।
इसके इलावा अलमारियों के ताले भी टूटे हुए पाए गए। जहां पंचायत का रिकार्ड रखा गया था। सोचने की बात है कि चोरों ने कमरों के एलईडी बल्ब, टी सेट, थरमस तथा एक कुर्सी भी चोर अपने साथ ले गए है। पुलिस ने पंचायत सचिव के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
प्रधान कमलेश ने चोरों को सबक सिखाने के लिए तथा पकड़वाने या कोई सुराग देने वाले को अपनी ओर से 5000 रुपये का इनाम देने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर इस गिरोह को समय पर नहीं पकड़ा गया तो यह और भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।