उरई (जालौन)। भारतीय स्टेट बैंक से पैसा निकालकर घरेलू गैस का सिलेंडर बुक करवाने के लिए बाइक से गए रिटायर्ड कर्मचारी की बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस बैंक से गैंस एजेंसी तक गई लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने मामले में जांचकर कार्रवाई की बात कही है।
शहर कोतवाली के मुहल्ला राजेंद्र नगर निवासी रिटायर्ड कर्मचारी बद्री लाल ने गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे शहर के राजमार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा से 25 हजार रुपये निकाले। इसके बाद उन्होंने रुपये बाइक की डिग्गी में रख लिए। वहां से कालपी रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर बाइक खड़ी कर सिलेंडर की बुकिंग करवाने चले गए। वापस आए तो उनकी डिग्गी का ताला टूटा था। यह देखकर वह सन्न रह गए। आसपास दुकानदाराें से जानकारी की तो कोई कुछ नहीं बता सेका। पीड़ित कोतवाली पहुंचा और अज्ञात टप्पेबाजाें के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर कोबरा सिपाही भेजक र जानकारी की तो वहां कोई संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि कोई टप्पेबाज बैंक से ही उसके पीछे लग गया होगा। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। इससे संदिग्ध करा पता लगाया जा सके । कोतवाल आलोक सक्सेना ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध का पता लगते ही मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।