हादसा शुक्रवार देर रात करीब 2.30 बजे हुआ। करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलसे एट निवासी जाहिद शाह (50) पुत्र वाहिद शाह, बाबू (35) पुत्र हसरत, शुबराती (40) पुत्र शकूर, आमिर (25) पुत्र जलालउद्दीन को जुलूस में शामिल लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जाहिद शाह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भर्ती किए गए तीन लोगों में से बाबू की हालत गंभीर बनी हुई है।
शनिवार सुबह हादसे की जानकारी के बाद जाहिद शाह के घर पर जुटे लोगों ने नीचे लटकी बिजली लाइनों से खतरे का मुद्दा उठाते हुए बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सीओ कोच संदीप वर्मा की मौजूदगी में अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र, एसडीओ अभिषेक सोनकर ने मृतक के परिजनों को पांच लाख के मुआवजे की घोषणा की। इसके बाद उत्तेजित लोग शांत हुए।