हिस्ट्रीशीटर के बारे जानकारी देते एसपी स्वामी प्रसाद व एएसपी।
- फोटो : amar ujala
कोंच कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए शातिर हिस्ट्रीशीटर का पुलिस कार्यालय में एसपी स्वामी प्रसाद ने खुलासा करते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए अवैध नशीला पाउडर बरामदगी, लुटेरे, शातिर वाहन चोर, वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी डा. अवधेश सिंह व सीओ कोंच शीशराम सिंह के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी को लगाया गया था।
गुरुवार रात लगभग 12 बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नीलम नाई पुत्र स्व. शारदा प्रसाद निवासी गांधीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से 290 ग्राम नशीला ड्रग्स पाउडर, एक तमंचा 12 बोर, दो कारतूस बरामद किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। एसपी ने बताया कि उस पर कोंच कोतवाली में गैंगस्टर सहित 10 मामले दर्ज हैं। उसका पुराना आपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रजनीकांत, शिवेंद्र कुमार सिंह, सिपाही लोचन सिंह, युवराज, अंकित पटेल, सत्येंद्र सिंह आदि रहे।