दो दिन पहले घर से सामान खरीदने निकले युवक का शव गुरुवार सुबह नहर में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोटरा थाना क्षेत्र के गुमावली गांव निवासी हरि प्रकाश (39) पुत्र कृपाराम अहिरवार 22 जनवरी को घर से बाइक लेकर एट बाजार में सामान खरीदने को कहकर निकला था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा।
परिजनोें ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं लग सका। गुरुवार सुबह हरदुआ गांव के कुछ लोग हमीरपुर शाख की नहर में नहाने गए तो वहां नहर में एक बाइक पड़ी मिली।
इसकी सूचना एट थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को बाहर निकाला तो पता चला कि यह बाइक दो दिन से लापता युवक हरीप्रकाश की है।
पुलिस ने नहर में खोजबीन की तो झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला। सूचना पर मृतक की पत्नी मंजू अहिरवार परिजनों के साथ नहर पर पहुंची और शव की शिनाख्त पति हरीप्रकाश के रूप में की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे धर्मेंद्र और शैलेंद्र व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो दिन लापता युवक का शव नहर में मिला
22 जनवरी को बाजार जाने के लिए बाइक से गया था