कोंच। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कमोवेश रोज ही अबोध मासूमों के साथ शर्मसार कर देने वाली घटनाओं को लेकर शनिवार की शाम कोंच में भी लोगों का आक्रोश सड़कों पर फूटा। सैकड़ों युवाओं ने मोमबत्तियां लेकर जहां इन घटनाओं में मारी गईं बच्चियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, वहीं घटना के लिए दोषी हैवानों को सरेआम फांसी पर लटकाए जाने की मांग की।
अलीगढ़ में ढाई साल की मासूम बच्ची और हमीरपुर के कुरारा में ग्यारह वर्षीय बालिका की जघन्य हत्या के मामले में आम जनता में आक्रोश है। शनिवार देर शाम बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद् के कार्यकर्ताओं ने लवली चौराहे से चंदकुआ चौराहे तक कैंडल मार्च निकालकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की। उन्होंने चंदकुआ स्थित लक्ष्मी बाई की प्रतिमा के नीचे श्रद्धांजलि दी।
बजरंग दल के नगर संयोजक आकाश उदैनिया बोले कि ऐसे लोगों को इतनी सख्त सजा दी जाए कि आइंदा ऐसी सोच रखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएं। मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में हत्यारों को फांसी दो जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं। इस दौरान शिवम लखेरा, प्रशांत गोस्वामी, मयंक सोनी, अमन पटवा, दौलत यादव, अंकित छावला, शत्रुघ्न बुधौलिया, शीलू कुठौलिया, रोहित ठाकुर, मंडलेश्वर गुर्जर, अंकित सोनी, बांके दीक्षित, सचिन तिवारी, प्रिंस अग्रवाल, हिमांशु यादव, अंचल अग्रवाल, हर्ष साहू आदि मौजूद रहे।