जालौन। खेत मालिक ने बलकट पर खेत लेने वाले के घर पर जाकर रायफल दिखाकर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिकरीराजा निवासी रविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे गांव के महेंद्र सिंह व राजू रायफल लेकर आ गए और गालीगलौज करते हुए बोले कि उन्होंने एक वर्ष के लिए खेत को बलकट पर दिया था। अब उनके खेत को खाली कर दो, अन्यथा की स्थिति में जान से मार देंगे।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 12 बीघा का खेत एक वर्ष के लिये पेशगी पर बलकट पर लिया था। जिसमें अभी पिपरमेंट की फसल खड़ी है। खेत को मई माह में एक वर्ष होगा लेकिन वह समय पूरा होने से पहले ही जबरन खेत खाली करा रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।