उरई। आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक कराए जाने को लेकर झांसी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने झांसी, जालौन व ललितपुर के कप्तानों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। अपराधियों पर नियंत्रण करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने के लिए निर्देंशित किया।
झांसी में हुई बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक जोगेंद्र कुमार ने जालौन, ललितपुर, झांसी के पुलिस अधीक्षकों को निर्देंशित किया कि लूट, चोरी, बलात्कार, अपहरण, हत्या आदि के मामलों में कड़ी कार्रवाई करें और जेल के अंदर डालें। महिला संबंधी अपराधों में तत्परता से कार्रवाई करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार करें। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं में विवेचकों का जल्द ही निस्तारण कराएं। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी करें।
माफियाओं को चिन्हित कर कार्रवाई करते हुए अवैध तरह हासिल की गई संपत्ति जब्त कर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करें। खानाबदोश, बावरिया गिरोह व घुमंतू जाति के लोगों पर नजर रखें। रात्रि गश्त की व्यवस्था कर नियमित रूप से चेकिंग कराएं। जिलों में यातायात व्यवस्था की कार्ययोजना बनाकर व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देंश दिए। सभी जिलों में गैंगों को पंजीकरण कर उन्हें अवगत कराएं।