उरई/मुहम्मदाबाद। गांव से खेत जा रहे किसान की बाइक रास्ते में आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली में घुस गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट लगी, जो मौत की वजह बनी।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी किसान शत्रुघ्न सिंह (61) गुरुवार की रात खेतों की तरफ जा रहे थे। उरई-कोटरा मार्ग स्थित गांव से कुछ दूरी पर पहुंचे तभी आगे चल रही मटर से लदी ट्रैक्टर ट्राली में शत्रुघ्न की बाइक घुस गई। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि शत्रुघ्न की पत्नी की मौत पहले हो चुकी है। उसके बेटा कृष्णपाल व एक बेटी है।