सिरसाकलार। थाना क्षेत्र के दमरास गांव स्थित मायके में रह रही विवाहिता का शव घर के पास बने बाड़े में लगे बबलू के पेड़ से लटकता मिला है। सोमवार की सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद साफ हो सकेगा कि विवाहिता ने आत्महत्या की या उसके साथ कुछ और हुआ।
दमरास गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सोबरन पाल की विवाहिता बेटी रामादेवी (32) का शव सोमवार की सुबह बाड़े में लगे पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। भाई रामभरत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। परिजनों ने बताया कि रामादेवी की शादी दो वर्ष पहले हमीरपुर जिले के मझगुवां थाना क्षेत्र के गढर गांव निवासी कल्याण से हुई थी। शादी के बाद से ही पति से अनबन होने के बाद रामादेवी मायके आ गई थी। वह निसंतान थी। उसका पति से तलाक का मामला भी कोर्ट में चल रहा है।
रामादेवी तीन भाइयों में इकलौती बहन थी। पुलिस के मुताबिक परिजन उसकी मौत का कारण नहीं बता सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी।