आटा। परीक्षा देकर घर लौटते समय सोमवार को ठक्कर बापा इंटर कालेज के छात्र की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। छात्र हेलमेट नहीं लगाए था।
कदौरा थाना क्षेत्र के करमचंदपुर गांव निवासी ऋषि (17) पुत्र संतोष तिवारी ग्यारहवीं का छात्र था। सोमवार को वह बाइक से कालपी के ठक्कर बापा इंटर कालेज परीक्षा देने गया था। दोपहर को लौटते समय कालपी परासन मार्ग पर लोहरगांव के पास इटौरा की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर छात्र को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मृतक ऋषि दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। पिता खेती करते हैं। छात्र की मौत से मां माया, बहन इशानी भाई जय का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।