जालौन। सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी ममेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मारी थी। युवती को इलाज के लिए सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हेलमेट न लगाए होने के कारण मृतक के सिर पर गंभीर चोटें आई थी।
मध्य प्रदेश के दतिया क्षेत्र के सगतपुरा निवासी किसान मुलायम सिंह का बेटा जितेंद्र कुमार सिंह (18) बाइक से शनिवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमरगढ़ में अपने मामा के यहां आया था। दोपहर में वह मामा की बेटी आकांक्षा (18) के साथ जालौन बाजार में सामान की खरीदारी के लिए बाइक से निकला था। देर शाम जब जितेंद्र व आकांक्षा गांव लौट रहे थे, तभी कोंच रोड पर लहचूरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे भाई-बहन सड़क पर गिर कर घायल हो गए। जितेंद्र के सिर व कमर में चोटें आई थी। राहगीर दोनों को लेकर अस्पताल जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही जितेंद्र की मौत हो गई। जबकि आकांक्षा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों को हादसे की सूचना कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।