ि
उरई। बैंक से रुपये निकालकर बाजार में खरीददारी कर रहे किसान के झोले से दो लाख रुपये किसी ने पार कर दिए। पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन युवक दिखाई दे रहे है। जिसमें से एक युवक बाइक से रुपयों से भरा झोला निकाल रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के औंता गांव निवासी किसान रंजीत सिंह सोमवार की दोपहर बाइक से शहर आया। जहां उसने जेडीसी बैंक से दो लाख रुपये निकाले और उसे बाइक में लगे झोले में रख लिया। इसके बाद वह शहर के घंटाघर स्थित किराने की दुकान पर बाइक खड़ी करके सामान खरीदने लगा।
इसी बीच किसी ने उसकी बाइक से झोला गायब कर दिया। उसने इसकी सूचना 112 पुलिस को देनी चाही तो फोन नहीं लगा। इसके बाद उसने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल शिवकुमार सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जिसमें तीन युवक दिखाई दिए। उनमें से एक युवक बाइक से झोला निकालते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
रंजीत ने बताया कि मई माह में उसकी भतीजी की शादी है शादी के सामान की खरीददारी के लिए उसने बैंक से दो लाख रुपये निकाले थे। रुपयों के साथ बैंक पासबुक व चैकबुक भी थी। शहर कोतवाल का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है।