उरई। सावधान! आपकी लापरवाही कहीं आपको भारी न पड़ जाए। हालात यही चेतावनी लोगों को दे रहे हैं। गुरुवार को एक दिन में 59 और संक्रमित मरीज मिलने से हड़कंप की स्थिति है। ऐसे में जिला प्रशासन ने मास्क और सोशल डिस्टेसिंग को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जहां पर मरीज मिले हैं, वहां कंटेनमेंट जोन बनाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
जिला प्रशासन की ओर से देर शाम जारी रिपोर्ट में कालपी तहसील क्षेत्र में 15 नए केस आए हैं। उरई तहसील क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 32 संक्रमित मरीज मिले हैं। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में नौ, कोंच तहसील क्षेत्र में तीन नए केस आए है। इनमें 51 व्यक्तियों की रिपोर्ट पूल टेस्टिंग में पॉजिटिव आई है तो आठ व्यक्ति की रिपोर्ट कांटेक्ट ट्रेसिंग में पॉजिटिव आई है। अब तक जनपद में कुल 3,22,512 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें 4133 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 47 की मौत हो चुकी है। 3943 ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 147 है।
सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि जबसे से कोरोना संक्रमण शुरू हुआ है, तबसे सबसे ज्यादा गुुरुवार को 59 केस आए है। सभी की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। उनके आसपास सैनिटाइजेशन कराने के अलावा कंटेनमेंट जोन बनाने की भी कार्रवाई की जा रही है। लक्षणों के आधार पर मरीजों को होम आईसोलेशन और मेडिकल कालेज में मेडिकल आइसोलेशन दिया जा रहा है। उधर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सत्यप्रकाश ने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन भी किया जा रहा है। गुरुवार को जिले में 69 केंद्रों पर 4331 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। न्होंने बताया कि अब फोकस टेस्टिंग पर जोर दिया जा रहा है। जिसमें शुक्रवार को मेडिकल कालेज में 45 वर्ष से अधिक के मीडिया कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा।