एट (जालौन)। बरात से विदा कराकर लौट रही दूल्हा दुल्हन की कार आगे जा रहे डंपर में पीछे से घुस गई। जिसमें दूल्हा-दुल्हन घायल हो गए और चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर हाईवे की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं डंपर को भी पुलिस ने टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया है।
झांसी निवासी अंकुश यादव पुत्र सुंदर यादव की 9 फरवरी को शादी थी। पुखरायां में शादी समारोह के बाद सोमवार दोपहर वह कार से दुल्हन रत्नेश देवी को विदा कराकर झांसी लौट रहे थे। जब उनकी कार एट थाना क्षेत्र के कानपुर झांसी हाईवे के पास गिरथान बाईपास पर पहुंची तभी आगे चल रहे तेज रफ्तार डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे कार का ड्राइवर संतुलन खो बैठा और कार डंपर में पीछे से घुस गई। कार सवार दूल्हा दुल्हन कार में फंसकर पूरी तरह से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।
तब तक सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को हाईवे की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है वहीं परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है । इसके बाद झांसी और पुखरायां से वर वधू पक्ष के लोगों का जिला अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। डॉक्टरों का कहना है कि दूल्हा दुल्हन दोनों फिलहाल खतरे से बाहर हैं। सिर और हाथ पैर में मामूली चोटें आई हैं। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी जाएगी। एट पुलिस के मुताबिक लापरवाही से डंपर चलाने वाले चालक को भी गाड़ी समेत पकड़ लिया गया है।
घायल रत्नेश देवी- फोटो : ORAI
क्षतिग्रस्त गाड़ी को ले जाती क्रेन मशीन- फोटो : ORAI