उरई। जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलक्टेट सभागार में शनिवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने की।
बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त उद्योग द्वारा ऋण योजनाओं की प्रगति के विषय में विस्तार से बताया गया। जिसमें लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति कम होने पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग व जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को फटकार लगाते हुए निर्देशित किया गया कि वह शीघ्र ही प्रेषित आवेदन पत्रों पर ऋण स्वीकृत कराते हुए वितरण की कार्रवाई करें। जनपद में सभी बैंकों द्वारा 15 नवंबर तक प्रेषित पत्रावलियों पर ऋण स्वीकृत वितरित करा कर लक्ष्यों का पूर्ण किया जाए। उपायुक्त उद्योग द्वारा कालपी औद्योगिक संस्थान में फायर प्वाइंट के कार्य पूर्ण होने के विषय में जिलाधिकारी को अवगत कराया। उद्यमियों ने विभिन्न औद्योगिक स्थानों में उद्यमियों को हो रही विद्युत समस्या के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिसमें बार-बार ट्रिपिंग के कारण उद्यमियों को उत्पादों की उत्पादन क्षमता पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। जिस पर डीएम ने कहा कि शीघ्र ही औद्योगिक संस्थान कालपी में एक नया 250 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा। जिससे ट्रिपिंग की समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने विभिन्न औद्योगिक स्थानों में संभावित दुर्घटनाओं से बचने के लिए अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मॉकड्रिल करवाए, जिससे की उद्यमियों को जागरूक किया जा सके।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि कालपी के व्यापारी मंयक गुप्ता के घर में हाल ही में एक युवक चोरी के इरादे से घुसा था। उसकी करेंट लगने से मौत हो गई थी, पुलिस ने व्यापारी पर ही रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया। वहीं उन्होंने खाद तेल तिलहन पर स्टॉक लिमिट समाप्त करने की मांग की। बैठक मेें पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, डा. दिलीप सेठ, सदस्य उ0प्र0 व्यापारी कल्याण बोर्ड, गोविन्द सिंह, सचिव लद्यु उद्यमी संद्य, नरेन्द्र तिवारी कालपी, उपजिलाधिकारी कोंच एवं जिला अग्रणी प्रबन्धक के साथ जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।