जालौन। पिछले चार दिनों से नगर की मंडी में बने 14 केंद्रों पर पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारियों ने निरीक्षण कर प्रभारियों से जानकारी करने की कोशिश की। केंद्र प्रभारियों ने बताया कि सरकार के दाम बढ़ाने के बावजूद मंडी आढ़ती उससे अधिक रुपये दे रहे हैं। इसलिए किसानों का रुझान कम है।
किसानों का गेहूं खरीदने के लिए नवीन गल्ला मंडी परिसर में 14 सरकारी गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं। गेहूं खरीद की दर पिछली बार से 40 रुपये बढ़ाए है। पिछली बार जहां दर 1975 रुपये थी जो अब बढ़ाकर 2015 रुपये निर्धारित की गई है। इसके बाद भी किसान सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर नजर नहीं आ रहे हैं। क्रय केंद्रों पर तुलाई के लिए मशीन, छाजन मशीन, किसानों को पीने के पानी के लिए मटका, बारदाना आदि उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बाद भी क्रय केद्रों पर अभी किसान नहीं पहुंच रहे हैं।
किसानों के न आने से केंद्र प्रभारी इधर, उधर बैठकर समय काटते नजर आ रहे हैं। सोमवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सौरभ पांडेय भी नवीन गल्ला मंडी परिसर में पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्र प्रभारियों से बात की। केंद्र प्रभारी बाबा तिवारी आदि ने बताया कि गल्ला मंडी के व्यापारियों के पास गेहूं बेचने के लिए किसान आ रहे हैं। इस वर्ष मंडी में गेहूं का रेट सरकारी रेट से अधिक है। मंडी में व्यापारी नगद रुपये भी दे देते हैं।
------------
यह हो रही दिक्कत
किसानों से खाता संख्या भी नहीं ली जा रही है। आधार से लिंक खाते में ही किसान का धन आएगा। एक किसान के आधार से अगर दो या तीन बैंक खाते लिंक हों तो किस खाते में रकम आएगी। यह भी किसान को पता नहीं चलेगा। इसलिए परेशानियों से बचने के लिए किसान मंडी में ही अपना गेहूं बेच रहा है। मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मंडी की ओर से केंद्रों पर दी जाने वाली सामग्री इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छनाई मशीन आदि केंद्र प्रभारियों को उपलब्ध करा दी गई है। ई पॉश मशीन ठेकेदार को उपलब्ध करानी है। किसानों के आने पर खरीद शुरू करा दी जाएगी।
-----------------
एसडीएम ने देखी व्यवस्थाएं
कालपी। मंगलवार को एसडीएम केके सिंह ने गल्ला मंडी स्थित आरएफसी के गेहूं क्रय केंद्र पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्हें इस दौरान दुरस्त मिला। एसडीएम ने बताया कि एसएमआई छुट्टी पर गये हैं। उनके स्थान पर दूसरे को गेहूं क्रय केंद्र का चार्ज दिया जा रहा है। फिलहाल गेहूं क्रय केंद्र पर व्यवस्थाएं सही हैं।
--------------------
फोटो-14-मंडी स्थित आरएफसी केंद्र का निरीक्षण करते एसडीएम राजेश सिंह। संवाद
गेहूं खरीद केंद्रों का सन्नाटा जारी
कोंच। गेहूं की सरकारी खरीद करने वाले केंद्रों पर मंगलवार को पांचवें दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। एक भी किसान माल बेचने नहीं आया। हालांकि कुछ किसानों ने अपने पंजीकरण संबंधित पोर्टल पर कराए हैं और अपना हिस्सा सत्यापित करा लिया है। पर क्रय केंद्रों का ओर रुख नहीं किया है।
गेहूं की एमएसपी पर खरीद करने के लिए तहसील क्षेत्र में 12 खरीद केंद्र खोले गए हैं। मंगलवार को एसडीएम राजेश सिंह ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं और केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। किसानों की अगर मानें तो इस वर्ष गेहूं फसल की बुवाई कम क्षेत्रफल में हुई है। साथ ही अभी खेतों में थ्रेसिंग आदि कार्य चल रहे हैं जिससे खरीद केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। (संवाद)