कालपी। झांसी मंडल की अपर स्वास्थ्य निदेशक ने मंगलवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने प्रयोगशाला में लिए गए मरीजों के सैंपल की स्लाइडें देखकर नाराजगी व्यक्त की।
एडी हेल्थ डॉ. अल्पना बरतारिया ने सीएचसी पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने एक-एक कर अस्पताल से संबंधित सभी अभिलेख बारीकी से देखे और खामियां मिलने पर उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए। एडी ने मरीजों की जांच के लिए लिए गए सैंपल की स्लाइड भरी देखी। इस पर उन्होंने स्लाइडें जांच होने के बाद भी रखे होने पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जांच के बाद सभी स्लाइडें हटा दें। दोबारा इस तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने टीबी जांच की समीक्षा की, तो बताया गया कि बीते तीन माह में लगभग 22 लोगों की टीबी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
एडी डॉ. बरतारिया ने बताया कि सीएचसी को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) की मान्यता दी गई है। यहां पर दो महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती की गई है। अब यहां सर्जरी होगी और गर्भवती महिलाओं को सुविधा होगी। इस दौरान डॉ. उदय कुमार, डॉ. शेख, डॉ. सत्येंद्र पुरवार, गणेश आदि स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।