उरई/कुठौंद (जालौन)। कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो छात्र व अधेड़ सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसमें एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा छात्र व अधेड़ गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं कार मालिक व्यापारी को पुलिस ने पकड़ लिया। मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुठौंद थाना क्षेत्र के नौरेजपुर गांव निवासी हरिनारायण का 15 वर्षीय पुत्र सत्यम व गांव का ही विजय (15) हाईस्कूल के छात्र है। गुरुवार की सुबह दोनों गांव से कुठौंद स्थित स्कूल जा रहे थे। तभी गांव के ही देवी दयाल(48) बाइक से कुठौंद बाजार जा रहे थे। उन्होंने सत्यम, विजय को अपने साथ बाइक में बैठा लिया। जैसे ही बाइक जालौन-औरैया मार्ग स्थित नाहिली बंबी के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों छात्र व अधेड़ उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। जबकि सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देवीदयाल व विजय को जिला अस्पताल पहुंचाया। टक्कर मारने वाली कार ग्वालियर मध्यप्रदेश के व्यापारी की बताई जा रही है। पुलिस ने व्यापारी को पकड़ लिया है। जबकि चालक मौके से भाग गया है। हादसे की सूचना जब सत्यम के परिजनों को मिली। मृतक छात्र के भाई दिलीप कुमार ने बताया कि सत्यम पांच बहनों व दो भाइयों में छोटा था। पिता किसानी करते है। घर में छोटा होने की वजह से वह सबका लाड़ला था। उसकी मौत से मां सरोज, बहनों व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
---------------
पांच जुआरी पकड़े
उरई। आटा थाना पुलिस ने जोराखेड़ा गांव में जुआ खेलते हुए पोखर सिंह, माखन, भान सिंह, चंद्रपाल, राजेंद्र निवासी जोराखेड़ा को पकड़ लिया। फड़ व तलाशी में पुलिस को 1300 रुपये व ताश की गड्डी बरामद हुई। (संवाद)