सिरसाकलार। सड़क पर आपस में लड़ रहे सांड़ों से बाइक टकरा गई। हादसे में सवार युवक की मौत हो गई जबकि पत्नी व बच्चा घायल हो गया। वह ससुराल में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। वह हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस जांच में जुटी है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के सिम्हारा कासिमपुर गांव निवासी मुन्नेश कुमार दोहरे (40) शुक्रवार की रात बाइक से पत्नी रीना देवी पुत्र रोहन के साथ अपनी ससुराल कुठौंद थाना क्षेत्र के बस्तेपुर गांव जा रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक जखा बंबी के पास पहुंची तो सड़क पर आपस में लड़ रहे सांड़ों से टकरा गई। इससे तीनों सड़क पर गिर गए। पुलिस ने सभी को पीएचसी भिजवाया, यहां मुन्नेश को मृत घोषित कर दिया गया। पत्नी व बेटे को मामूली चोट आने पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया कि छठी में जा रहे थे। वह मजदूरी कर सभी का भरण पोषण कर रहा था।