उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र में लोहे का जाल काटकर चोर एक बैंक में घुस गए। बैंक का लॉकर काट पाने में नाकाम चोर वहां रखी सिक्योरटी गार्ड की लाइसेंसी बंदूक लेकर भाग गए। सुबह कर्मचारी बैंक खोलने पहुंचे, तो जाल कटा देखा। कर्मचारी ने शाखा प्रबंधक व पुुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अभी तक शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
कोतवाली क्षेत्र के डीवीसी कालेज स्थित इंडियन बैंक की शाखा में बुधवार की देर रात चोरी का प्रयास हुआ। बैंक परिसर में लगे जाल को काटकर घुसे चोरों ने लॉकर तोड़ने का भी प्रयास किया। असफल होने पर चोर परिसर में रखी सिक्योरटी गार्ड की बंदूक उठाकर ले गए।
गुरुवार की सुबह चोरी की सूचना पाकर पहुंची एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस की टीम ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। बैंक
कर्मियों से घटना की जानकारी ली। बैंक शाखा प्रबंधक विद्धा गुप्ता का कहना है कि बैंक में हुई चोरी की घटना के चलते गुरुवार को बैंक में ग्राहकों से जुड़े कामकाज नहीं हुए। ग्राहकों को लौटा दिया गया। शाखा प्रबंधक ने घटना के बारे में कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया। कहा कि पुलिस ने उन्हें जानकारी देने से मना किया है। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।