कोंच। अमर उजाला के महाभियान अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के अंतर्गत सूरज ज्ञान महाविद्यालय में यातायात सुरक्षा विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें परिवहन विभाग एवं सीओ कोंच शीशराम ने छात्राओं को उनके अधिकारों व यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन सोमलता यादव ने कहा, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाना अपनी जान जोखिम में डालना है। इसके बाद सभी ने मिलकर नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ भी ली।
सीओ ने कहा कि छात्राएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाए और उत्पीड़न के खिलाफ चुप्पी न साधे बल्कि उसका विरोध करें, पुलिस उनके साथ हमेशा खड़ी नजर आएगी। अगर रास्ते में कोई लड़का या व्यक्ति परेशान कर रहा हो तो 1090 डायल करें। नाम पता गोपनीय रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आपात स्थिति में 112 नंबर डायल करें। ट्रेन में आपात स्थिति, परेशानी आए तो 181 नंबर से मदद ले सकते हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन मनोजकुमार सिंह ने कहा कि जब समाज का हर व्यक्ति नियम कानूनों के मुताबिक चलना सीख जाएगा तो निश्चित रूप से यह घर परिवार समाज और देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। बताया कि यद्यपि ड्राइविंग लाइसेंस केवल अट्ठारह बर्ष के वयस्क का ही बन सकता है लेकिन बिना गेयर वाली स्कूटी के लिए सोलह वर्ष की आयु में भी डीएल के लिए आवेदन किया जा सकता है। एसआई राजीवकांत, कालेज के अध्यक्ष डॉ. आरबी जैन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी केके सोनी ने भी गोष्ठी को संबोधित किया। आभार प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र वोहरे ने जताया। संचालन रोहित राठौर ने किया। अमीषा, निशा दुवे, श्रेष्ठी गुर्जर, निकिता, राधा आदि ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किए।