जालौन। तकनीकी युग में नगर पालिका परिषद कार्यालय को आधुनिक तकनीकी से जोड़ते हुए हाइटेक बनाया गया है। कार्यालय में सीसीटीवी कैमरों के साथ इंटरकाम सिस्टम व बायोमैट्रिक मशीन को लगाया गया है।
नगर पालिका परिषद को हाईटेक बनाने का काम लगातार चल रहा है। नगर पालिका में आने जाने वाले लोगों की जानकारी के साथ कर्मचारियों के हर पटल की निगरानी के लिए कार्यालय में 9 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को लगाने के बाद मीटिंग हाल, प्रवेश द्वार के साथ कैशियर रूम समेत सभी काउंटर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आ चुके हैं। कर्मचारियों की काम करने में हीलाहवाली रोकने के लिए एवं सफाई कर्मचारियों की हाजिरी लगाने के लिए बायोमेट्रिक मशीन सफाई नायकों को दे दी गई हैं। ईओ डीडी सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की दिन में 2 बार हाजिरी लगेगी। कर्मचारियों को बुलाने के लिए इंटरकाम सिस्टम लगाया गया है।
ईओ ने कहा कि नगर पालिका परिषद कार्यालय को आधुनिक तकनीकी से लैस किया जा रहा है। सभी रिकॉर्ड अपलोड किए जा रहे, इसके बाद सभी आवश्यक जानकारी ऑनलाइन हो जाएगी। कर्मचारियों पर निगरानी के लिए कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर में जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए मुख्य मार्गों में डिवाइडर लगाए जाएंगे एवं फ्लड लाइट को डिवाइडर के साथ लगाया जाएगा।