पॉलिटेक्निक चलो अभियान का पोस्टर जारी करती डीएम प्रियंका निरंजन व अन्य अधिकारी।
- फोटो : ORAI
उरई। पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा को लेकर जिले के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। इसके लिए डीएम प्रियंका निरंजन, एडीएम पूनम निगम ने पॉलिटेक्निक चलो अभियान के पोस्टर के माध्यम से हाईस्कूल, इंटरमीडिएट व स्नातक के छात्र-छात्राओं से परीक्षा देने की अपील की। कहा कि तकनीकी शिक्षा के लिए पॉलिटेक्निक में प्रवेश लें।
राजकीय पॉलिटेक्निक के जोनल अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश की राजकीय अनुदानित एवं निजी क्षेत्र की पॉलिटेक्निक संस्थाओं में चल रहे 74 विभिन्न डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में शैक्षिक सत्र 2022-23 मई प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद द्वारा परीक्षा का आयोजन जून के द्वितीय सप्ताह में किया जाएगा। महिलाओं की अधिक सहभागिता के लिए 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की सुविधा शासन द्वारा प्रदान की गई है। अभ्यर्थी की आयु 14 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। अधिकतम आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। परीक्षा की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2022 है। जिन छात्र-छात्राओं ने इस साल हाईस्कूल की परीक्षा दी है वह भी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी अपने आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र, फोटो आदि नवीनतम प्रारूप पर बनवाकर रखें और उसी अनुसार आवेदन पत्र भरें।
उन्होंने बताया कि सक्षम बालिका संपन्न परिवार योजना के अंतर्गत प्रत्येक पाठ्यक्रम में प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षा में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद लखनऊ की ओर से दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रवेश परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन परीक्षा के आधार पर किया जाएगा और काउंसलिंग की प्रक्रिया जून माह के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ होने की संभावना है।