कदौरा के बवीना में स्वास्थ्य टीमो द्वारा किए जा रहे कार्यो का निरीक्षण करती एडी झांसी अल्पना बरत?
- फोटो : ORAI
कदौरा। कोविड-19 को लेकर चलाए जा रहे अभियान की हकीकत परखने के लिए सोमवार को अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण झांसी अल्पना बरतरिया ने ग्राम बवीना पहुंच कर सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही डोर टू डोर सर्वे कर रही टीमों की हकीकत जानी। स्वीकृति के बाद पीआईसीयू सेंटर न बनने पर जांच के निर्देश दिए।
सीएचसी के निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने वार्ड, दवा कक्ष, ओपीडी आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान पीआईसीयू वार्ड का निर्माण शुरू न होने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्साधीक्षक को जांच के निर्देश दिए कि स्वीकृति के बाद अब तक पीआईसीयू सेंटर का निर्माण क्यों शुरू नहीं किया गया। अपर निदेशक ने कहा कि शासन के निर्देश पर अभियान डोर टू डोर अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत कोविड संवेदनशील, बुखार पीड़ित, क्षयरोग के लक्षण व कोविड टीका न लगवाने वाले व्यक्तियों का सर्वे किया जा रहा है, जिससे की उन्हें समुचित उपचार दिया जा सके। चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 74 टीम कार्यों में लगी हैं। टीमों की निगरानी के लिए 15 सुपरवाइजर लगे हैं, जो प्रतिदिन रिपोर्ट जमा कर रहे हैं। इस दौरान भीम प्रकाश एरमन चौधरी सहित स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।