उरई। धरातल पर विकास की स्थिति परखने के लिए जिले में दो दिवसीय दौरे पर आई नोडल अधिकारी आयुक्त राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र उत्तर प्रदेश संयुक्ता समद्दार ने सोमवार को पहले दिन पूरे तेवर में दिखीं। उन्होंने तहसील, अस्पताल, गांव व नून नदी का निरीक्षण किया। वहीं विकास भवन में बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एक गांव में जन चौपाल लगाकर लोगों को की समस्याओं को सुना और जल्द ही निस्तारण के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने तहसील सदर एवं विकास खंड डकोर के ग्राम रगौली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय व नून नदी का निरीक्षण किया। तहसील के निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया और बस्ता खुलवा कर फसली वर्ष के कागजात देखें। उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण करते हुए राजस्व न्यायालय के निस्तारण रजिस्टर को देखा। कंप्यूटर अद्यतन रिकॉर्ड निकलवा कर लंबित राजस्व के वादों के बारे में जाना और दाखिल खारिज के मामले को समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए।
सड़कों व खेतों में दिखे अन्ना मवेशी तो होगी कार्रवाई
उरई। नोडल अधिकारी ने विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की एक एक करके समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि अन्ना मवेशी सड़कों व खेतों में दिखे को जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने लंबित योजनाओं पर संबधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कि सभी गोशालाओं में खाने पीने के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में ठंड से बचाव के लिए पहले से ही प्रबंध करना सुनिश्चित करें। कहा कि सड़कों व खेतों पर अगर अन्ना जानवर दिखे तो जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहे। गोल्डन कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर नवंबर माह में लगभग जनपद शतप्रतिशत टीकाकरण पूरा किया जाए।