माधौगढ़। अधेड़ से नाबालिग किशोरी के विवाह की सूचना पर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम मंगलवार रात एक गेस्ट हाउस में पहुंच गई। टीम ने पुलिस की मौजूदगी में विवाह की रस्मों को रुकवा दिया। बाल कल्याण समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
माधौगढ़ कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की 16 वर्षीय पुत्री का विवाह मध्य प्रदेश के लहार निवासी अधेड़ के साथ तय हुआ था। मंगलवार रात एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह चल रहा था। बरात आने के बाद भोजन और अन्य कार्यक्रम हो चुके थे। टीका की रस्म की तैयारी चल रही थी, तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि गेस्ट हाउस में नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और बाल कल्याण समिति की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने किशोरी की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल विवाह की प्रक्रिया रुकवा दी गई।
बाल कल्याण समिति की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रतीक्षा सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। नाबालिग होने के कारण शादी को रुकवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई और दोनों पक्षों को नियमों की जानकारी देकर हिदायत दी गई है। इसके बाद वर पक्ष बिना विवाह संपन्न कराए लौट गया।