उरई। चुर्खी थाना क्षेत्र के हथनौरा गांव निवासी पूर्व प्रधान ने कुछ लोगों पर उन्हें अगवा कर कालपी स्थित एक फार्म हाउस में ले जाकर पीटा और अपमानित कर जूतों की माला पहनाकर वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 10 नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथनौरा गांव निवासी पूर्व प्रधान वीर सिंह ने चुर्खी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 जुलाई को वह गांव से महेवा जा रहे थे। इसी दौरान पिपरौंधा-हथनौरा मार्ग पर कुछ लोग पहले से घात लगाकर बैठे थे। आरोप है कि इन लोगों ने उसे रोककर लाठी-डंडों से पीटा और कार में डाल लिया।
इसके बाद उन्हें कालपी क्षेत्र में शशिकांत उर्फ कल्लू के फार्म हाउस पर ले गए। वहां भी उनकी पिटाई की गई। इसके बाद जूतों की माला पहनाकर उसका वीडियो बनाया गया और उन्हें अपमानित किया गया। आरोप है कि इस दौरान उसके गले में पड़ी सोने की चेन, सोने की दो अंगूठियां और 2700 रुपये भी छीन लिए गए।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद आरोपी उन्हें गाड़ी में डालकर सिकरी पावर प्लांट के पास छोड़कर भाग गए। किसी तरह उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
चुर्खी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर चंद्रपाल सिंह निवासी रूरा, कृष्णपाल सिंह उर्फ बल्लू , श्रीकांत, शशिकांत, अनुज सिंह, सुरजीत बरनाले, वीर सिंह, विश्वनाथ सिंह उर्फ गपोचे, दुष्यंत सिंह समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।