एट। थाना क्षेत्र स्थित झांसी-उरई हाईवे पर मंगलवार देर शाम उन्नाव से झांसी लौट रहे ट्रक के सामने बदमाशों ने कार लगाकर चालक और खालसी से 48 हजार रुपये लूट लिए। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए देर रात तक जांच पड़ताल और पूछताछ में जुटी रही।
देर शाम करीब साढ़े छह बजे एक उन्नाव से झांसी जा रहे ट्रक चालक रामखिलावन निवासी कानपुर देहात ने अपने मालिक को फोन करने के साथ ही पुलिस को लूटपाट की सूचना दी। चालक और खालसी ने बताया कि टोल से लगभग पांच किलोमीटर आगे एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार से उतरे दो-तीन बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर जेब में रखी नकदी लूट ली।
सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। सीओ कोंच शाहिदा नसरीन ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से पूछताछ की। एसएसआई अभिलाख सिंह ने टोल पर जाकर ट्रक और उक्त गाड़ी के निकलने के फुटेज चेक किए। पुलिस के अनुसार चालक और परिचालक गाड़ी का नंबर भी नहीं बता पा रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।