बावली (जालौन)। खराब खड़े डंपर में पीछे से ट्रक भिड़ गया। हादसे में ट्रक के केबिन में फंसकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
कुठौंद थाना क्षेत्र के जालौन-औरैया मार्ग पर स्थित नैनापुर गांव के पास रविवार की रात ट्रक खराब खड़े डंपर में जाकर पीछे से घुस गया। हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक विपिन यादव (30) निवासी हिम्मतपुर थाना घिरौर जनपद मैनपुरी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने शव को निकलवाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को बताया विपिन के दो बच्चें है। वह ट्रक ड्राइवरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। पिता रमेशचंद्र सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
-----------------
टूटी पुलिया है हादसे का कारण
औरैया-जालौन हाईवे स्थित नैनापुर के पास क्षतिग्रस्त पुलिया अक्सर हादसों का कारण बनती है। हाईवे के अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। इसी कारण रविवार को एक और हादसा हो गया। इसमें चालक की मौत हो गई।
-------------------------
बाइक की टक्कर से घायल किसान की मौत
गोपालपुरा बस स्टैंड पर पैदल जाते समय हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई/माधौगढ़। सड़क पार कर रहे किसान को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा गांव निवासी किसान शिवकुमार (40) रविवार को सड़क पार कर रहा था। तभी बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवकुमार छह भाई और दो बहनों में चौथे नंबर का था। खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था। तीन बेटी और एक बेटा है। पत्नी सुनीता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।