निरीक्षण के दौरान पत्रावलिया चेक करती डीएम
- फोटो : ORAI
उरई। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2022 अभियान को लेकर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों साथ कलक्ट्रेेट सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी दल अधिक से अधिक युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए। सभी बूथों के कैंपों में मतदाता पहुंचकर अपना नाम देख सकते है।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार बूथ लेविल एजेंट्स द्वारा एक बार में 10 और पुनरीक्षण अवधि में कुल 30 फार्म जमा करा सकते है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि वोटर हेल्प लाइन ऐप का व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए। ताकि अधिक से अधिक इस ऐप को डाउनलोड करने की कार्रवाई हो सके। जिससे मतदाता अपने फार्म इस ऐप के माध्यम से भर सकते है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रचार- प्रसार कराया जाए। जिससे अधिक से अधिक ऐसे मतदाता जिनकी आयु 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो गई हो। या ऐसे अवशेष मतदाता जो किन्ही कारणों से अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से छूट गए है। वह अपना फार्म 06 भरकर मतदाता सूची में दर्ज कराए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पुनरीक्षण अवधि में प्राप्त हो रहे दावे और आपत्तियों के निस्तारण से संबंधित प्रपत्रों इत्यादि को सही ढंग से अनुरक्षित किया जाए। उन्हंोने समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त, निजी स्नातक एवं परास्नातक शिक्षण संस्थानों में मतदाता रजिस्ट्रेशन हेतु एक कोआर्डिनेटर एवं हेल्प डेस्क की स्थापना कराने का निर्देश दिया। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया। उन्होंने कोई मतदाता न छूटे इस कार्य हेतु शत प्रतिशत मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने हेतु जनपद स्तर पर गठित मतदाता साक्षरता कमेटी ईएलसी तथा चुनाव पाठशालाओं को सक्रिय किया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कोंच अंकुर कौशिक, उप जिलाधिकारी कालपी कौशल कुमार, उप जिलाधिकारी माधौगढ़ राजेश सिंह सहित जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि शान्ती स्वरूप माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी नवाव सिंह यादव, जिलाध्यक्ष बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि संजय राम, सचिव कम्युनिस्ट पार्टी कमलाकान्त वर्मा सहित आदि संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।