मुहम्मदाबाद। डकोर कोतवाली क्षेत्र के ऐरी रामपुर जंगल में लगी आग ने गुरुवार रात आंधी-तूफान के चलते विकराल रूप ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी। दमकल और पुलिस की टीमें भी रास्ते में पेड़ गिर जाने से रातभर जंगल में फंसी रहीं। वहीं सिमरिया गांव में आग की चपेट में आकर तीन कच्चे मकान जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार जंगल में आग लगने की सूचना पर डकोर पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुई थीं। इसी दौरान तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। तेज हवाओं से कई पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे फायर ब्रिगेड, पुलिस और सचिव की गाड़ियां जंगल के भीतर ही फंस गईं। सुबह ग्रामीणों ने मशीन मंगाकर रास्ता साफ कराया, तब जाकर वाहन बाहर निकल सके। राहत की बात यह रही कि बारिश होने से आग पर काबू पा लिया गया। अन्यथा आसपास के कई गांव इसकी चपेट में आ सकते थे।
उधर, सिमरिया गांव में तेज आंधी के दौरान लगी आग से तीन परिवारों के कच्चे मकान जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोग बच्चों को लेकर किसी तरह घरों से बाहर निकल सके। घरों में रखा अनाज, भूसा, कपड़े, गृहस्थी का सामान और नगदी जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित परिवारों ने करीब आठ से दस लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है।
गांव निवासी अरविंद कुमार का कच्चा मकान पूरी तरह जल गया। उन्होंने बताया कि घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े और सोने के जेवर सहित पूरा गृहस्थी का सामान जल गया। उन्होंने करीब पांच लाख रुपये के नुकसान की बात कही।
वहीं रवि किशन का मकान भी आग की चपेट में आ गया। भूसा, अनाज और गृहस्थी का सामान जलने से परिवार के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया। उन्होंने करीब दो लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी।
इसी तरह राकेश कुमार के घर में रखा अनाज, भूसा, बर्तन और नकदी जल गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो तेज हवाओं के कारण पूरा गांव इसकी चपेट में आ सकता था।
डकोर कोतवाल देवेंद्र कुमार ने बताया कि ऐरी रामपुर जंगल में आग लगने की सूचना पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंची थीं, लेकिन तेज तूफान के कारण रास्ते में पेड़ गिर जाने से सभी वाहन रातभर जंगल में फंसे रहे। सुबह रास्ता साफ कराकर टीमों को बाहर निकाला गया।
फोटो 01 सिमरिया में अरविंद कुमार जले हुए रुपये दिखाते हुए।
फोटो 01 सिमरिया में अरविंद कुमार जले हुए रुपये दिखाते हुए।
फोटो 01 सिमरिया में अरविंद कुमार जले हुए रुपये दिखाते हुए।