उरई। अगर आप लोकसभा चुनाव से संबंधित कोई भी जानकारी या शिकायत करना चाहते हैं तो आपको अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसके लिए आपको किसी भी सरकारी विभाग के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले में संपर्क केंद्र के साथ साथ टोल फ्री नंबर भी जारी किए हैं। जिनमें घर बैठे ही मतदाता चुनाव से जुड़ी कोई भी जानकारी ले सकता है। इस संपर्क केंद्र का नोडल अफसर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमिल कुमार सिंह को बनाया गया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव दो तीन माह के भीतर ही होने हैं। इसे लेकर जहां सभी राजनीतिक दल अपनी दावेदारी मजबूत करने में लगे हैं वहीं जिला प्रशासन ने भी चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने जिले में संपर्क केंद्र की स्थापना की है। जिसमें कोई भी व्यक्ति जाकर चुनाव संबंधी जानकारी ले सकता है।
इसके साथ ही अगर आप संपर्क केंद्र पर भी नहीं जाना चाहते हैं और घर बैठे ही कोई शिकायत व सूचना चाहते हैं तो इसके लिए भी जिला प्रशासन ने इंतजाम कर लिया है। जिला प्रशासन ने इसके लिए टोल फ्री नंबर के साथ साथ काल सेंटर के नंबरों को भी जारी किया है।
जिसमें फोन कर आप घर बैठे ही चुनाव की सभी जानकारी ले सकते हैं। जिलाधिकारी ने संपर्क केंद्र व काल सेंटर के कर्मियों की देखरेख के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमिल कुमार सिंह को नोडल अफसर नामित किया है। अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने बताया कि इन नंबरों के माध्यम से लोग घर बैठे भी चुनाव संबंधी शिकायत व जानकारी ले सकते हैं।
ये हैं टोल फ्री व काल सेंटर नंबर
टोल फ्री नंबर -05162-1950
काल सेंटर नंबर -05162-250288