प्रशिक्षु शिक्षक बनने की चिंता में रात-दिन की नींद खो चुके युवाओं के साथ यह क्या हो रहा है? शिक्षक भर्ती के लिए कटऑफ जारी करने के लिए जिन अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है, उसमें कई खामियां हैं। इन खामियों को कम्यूटर की चूक माना जाए या फिर जानबूझ कर की गई धांधली। हो चाहे जो भी पर इसका असर तो मेरिट पर ही पड़ेगा। कुशीनगर में सामान्य अभ्यर्थियों की जो सूची जारी की गई है, उसमें कुछ अभ्यर्थियों के पूर्णांक और प्राप्तांक बराबर हैं।
उत्तर प्रदेश में प्रशिक्षु शिक्षक के लिए भले ही 72 हजार 825 पदों पर भर्ती की जा रही हो पर लाखों युवा इस लाइन में हैं। दिनरात वे अपने अंकों के साथ गुणा-भाग कर रहे हैं कि कटऑफ आएगा तो वे किस स्थान पर होंगे। पर शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन आवेदन लेकर सबकुछ कम्प्यूटर पर छोड़ दिया है। प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए आए 69 लाख आवेदन को देखकर शिक्षा विभाग का हाथपांव फूला हुआ है। इसलिए रैंक लिस्ट हो या फिर कटऑफ से पहले जारी सूची उसमें कई खामियां देखने को मिल रही हैं।
कुशीनगर जिले का कटऑफ और अभ्यर्थियों की सूची ऑनलाइन जारी कर दी गई है। ऑनलाइन सूची में कई खामियां हैं। उदाहरण के लिए चंद्रभान का हाईस्कूल में पूर्णांक 353 और प्राप्तांक भी इतना ही दिखाया गया है। इंटर में 675 में 675, स्नातक में 600 में 600 और बीएड में 620 में 620 दिखाया गया है।
इसी तरह राम कुमार यादव को हाईस्कूल में 500 में 500, इंटर में 600 में 600, स्नातक में 2200 में 2200 और बीएड में 1000 में 1000 दिखाया गया है। इसके अलावा श्याम सुंदर गुप्ता, अंबिका प्रसाद और हमेंद्र सिंह के पूर्णांक और प्राप्तांक में खामियां हैं।
हालांकि, शिक्षा विभाग के अधिकारी इस खामियों पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा सुनील कुमार इसे परिषद का मामला बता कर टाल रहे हैं, तो परिषद के सचिव संजय सिन्हा मोबाइल बंद किए हुए बैठे हैं।