भारत-पाकिस्तान मैच के बाद रविवार को सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले कश्मीरी छात्रों पर बुधवार को देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हो गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी छात्रों का नाम नहीं खोला है। पुलिस का दावा है कि जांच में जल्द ही आरोपी छात्रों का नाम उजागर हो जाएंगे।
क्रिकेट मैच में पाकिस्तान की जीत पर नारेबाजी को लेकर हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी छात्रों पर देशद्रोह का केस दर्ज नहीं करने पर बड़े आंदोलन का ऐलान किया था। जानी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यूनिवर्सिटी के कुलसचिव बीके गर्ग से तहरीर लेकर अज्ञात कश्मीरी छात्रों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के मुताबिक यूनिवर्सिटी ने आरोपी छात्रों के नाम बताने से इनकार कर दिया। हालांकि पुलिस ने सभी कश्मीरी छात्रों की सूची यूनिवर्सिटी से मांगी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों को निलंबित कर कश्मीर नहीं भेजा गया है। उन्हें दिल्ली और नोएडा के होटल में रखा हुआ है।