आईआईटी बीएचयू का आठवां दीक्षांत समारोह इस बार आठ नवंबर को मनाया जाएगा। बीएचयू स्वतंत्रता भवन में सुबह 11.30 बजे से होने वाले इस समारोह में मेधावियों में 81 मेडल और 1200 छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी जाएंगी। इसके अलावा अलग-अलग श्रेणी के 17 पुरस्कार भी मिलेंगे।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक शामिल होंगे। संस्थान में इस साल का दीक्षांत समारोह शताब्दी समारोह के तहत हो रहा है। संस्थान स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। 2018 में बसंत पंचमी के दिन (22 फरवरी, 2018) से शुरू शताब्दी समारोह 2020 के बसंत पंचमी के दिन तक जारी रहेगी।
इस दौरान कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जिसमें कुछ पूरा हो गए हैं और कुछ पर काम चल रहा है। निदेशक प्रो. प्रमोद जैन ने बताया कि संस्थान में न केवल राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन के तहत 833 टेराफ्लॉप क्षमता का सुपर कंप्यूटर है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डाक टिकट और डाक एल्बम भी जारी किया जा चुका है।
इसके अलावा प्रदेश सरकार ने भी रक्षा क्षेत्र में आईआईटी (बीएचयू) को प्रमुख भागीदार बनाया है और संस्थान ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ एक करार किया है। यह भी प्रस्तावित किया गया है कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों के कौशल विकास के लिए संस्थान एक केन्द्र के रूप में काम करेगा।