मां-बाप ने जिस युवक से अपनी बेटी के हाथ पीले किए और उसकी सुरक्षा व सम्मान का जिम्मा सौंपा, उसने ही उनकी उम्मीदों का गला घोंट दिया। अपनी पत्नी की अस्मत का सौदा कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पति के चंगुल से छूट कर महिला ने उसके खिलाफ एएसपी से शिकायत की है। मामला उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का है।
बड़ौत क्षेत्र की एक महिला की शादी नौ साल पूर्व इसी क्षेत्र के एक युवक से हुई। उसके दो पुत्र हैं। मंगलवार को महिला अपने परिजनों को साथ लेकर एएसपी कार्यालय पहुंची और अपने पति पर संगीन आरोप लगाए। उसने बताया कि उसका पति अपने साथियों को घर में लेकर आता है और पैसे लेकर उसकी अस्मत लुटवाता है। विरोध करने पर मारपीट करता है और जान से मारने की धमकी देता है।
किसी प्रकार वह अपने पति के चंगुल से छूटकर मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने थाने पर इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को पीड़ित महिला मां के साथ जाकर एएसपी से शिकायत कर पति पर कार्रवाई की मांग की।
एएसपी डाक्टर धर्मवीर सिंह संबंधित थाना प्रभारी से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और उन्हें अवगत कराने के आदेश दिए हैं।