शहरी मलिन बस्तियों में रहने वाले गरीबों को भी अब सरकार मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी। इसके लिए प्रदेश के 35 जिलों के शहरों में मलिन, दलित और अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाकों में 100 नए स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं। इन हेल्थ पोस्ट का लोकार्पण स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन कल करेंगे।
शहरी मलिन बस्तियों में यह योजना अभी केवल 35 जिलों में चलायी जाएगी, इसके बाद साल के अंत तक पूरे प्रदेश में यह योजना लागू कर दी जाएगी। इन 100 हेल्थ पोस्ट में से दस लखनऊ में खोले जा रहे हैं।
मलिन बस्तियों में शुरू होने वाले इन स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाली शहरी गरीब जनता को मुफ्त दवा के साथ पर्चे भी नहीं बनवाने पड़ेंगे। गर्भवती महिलाओं को भी प्राथमिक परीक्षण की सुविधा दी जाएगी और दवा देकर बड़े स्वास्थ्य केन्द्रों पर भेजा जाएगा। वहां इनका पूरा उपचार जननी सुरक्षा योजना के तहत मुफ्त कराया जाएगा।
गरीबों को मिलेगा हेल्थ कार्ड
स्वास्थ्य विभाग जल्दी ही मलिन बस्तियों में रहने वालों को ‘हेल्थ कार्ड’ देगा। यह हेल्थ कार्ड एनआरएचएम की ओर से दिए जायेंगे। इन हेल्थ कार्ड में मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। यह कार्ड अरबन हेल्थ पोस्ट पर ले जाने से उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इसमें जांच के साथ दवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी।