एक पांच साल की बच्ची के साथ उसी के पिता के परिचित युवक ने दुष्कर्म कर डाला। यह युवक बच्ची के मुंडन संस्कार में शामिल होने आया था।
घर वालों की व्यस्तता का लाभ उठाते हुए वह बच्ची को पास के बाग में ले गया और दुराचार करने के बाद उसको बेहोश हालत में सड़क पर डाल गया।
बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट में प्रथम दृष्ट्या बलात्कार की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को हत्थे चढ़े दुष्कर्मी को लोगों ने बुरी तरह पीटा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए पर रह रहे मजदूर ने पांच साल की बेटी के मुंडन संस्कार के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार शाम को घर पर दावत रखी थी।
मजदूर का परिचित फरधान थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय युवक विपिन भी दावत में आया था। दावत के बीच में ही विपिन बच्ची को गोद में लेकर खेलता रहा।
मौका पाकर वह बच्ची को घर के पीछे स्थित बाग में ले गया और दुष्कर्म करने लगा।
चीख सुनकर लोग उस तरफ भागे तो वह बच्ची को बेहोशी की हालत में सड़क पर डालकर फरार हो गया। बच्ची के कपड़े खून से सने हुए थे।
उसके पिता की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उसकी दशा गंभीर है। कोतवाल प्रभात सिंह ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में बालिका के साथ प्रथम दृष्ट््या बलात्कार की पुष्टि हुई है।
सुबह वही युवक मोहल्ले के कुछ लोगों को एलआरपी रोड पर मिल गया। लोगों ने उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसको हिरासत में ले लिया है।