नगर के मोहल्ला मिर्जापाड़ा स्थित गैस वेल्डिंग की दुकान में बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया, जब वहां वेल्डिंग करते समय सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। वहां मौजूद युवक शहजाद गंभीर रूप से झुलस गया।
मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई। मौके से शहजाद को उपचार के लिए ले जाया गया। उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
इधर, बता दें कि नगर और क्षेत्र में वेल्डिंग की कई दुकानें बिना उचित सुरक्षा उपकरणों और अनुमति के धड़ल्ले से चल रही हैं, जिससे इन दुकानों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन की तरफ से इन दुकानों की नियमित रूप से जांच भी नहीं की जा रही, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है। दुकानदारों को गैस वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा प्रक्रियाओं और सावधानियों के बारे में भी प्रशिक्षित नहीं किया जा रहा।