कारगिल दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करते विधायक राना व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कारगिल युद्ध में बलिदान देने वालों को रविवार को कोतवाली स्थित राष्ट्र, वंदना भवन के शहीद स्मारक पर राजनेताओं, व्यापारी नेताओं और जनता ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने कहा कि देश की सीमाओं पर मुस्तैदी से डटे जवानों की खातिर हम अपने घरों में चैन से सो रहे हैं। यदि ये न होते हमारा वजूद ही नहीं होता।
शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुये विधायक ने कहा कि पाकिस्तान ने एक साजिश के तहत कारगिल की टाईगर हिल्स समेत अनेक चोटियों पर कब्जा कर लिया था। जब देश के जवानों ने धावा बोला तो हालात विकट थे। दुश्मन ऊपर चोटी पर बैठा गोलियां और बम बरसा रहा था तो हमारे जवान दुर्गम पहाड़ों पर चढ़कर ऊपर जा रहे थे। कई दिन चले युद्ध में बोफोर्स की तोपों और वायुुसेना के जंगी जहाजों ने अटैक कर पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय ने कहा कि शहीद स्मारक भव्य और शानदार है। इस पर तहसील क्षेत्र के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का परिचय अंकित है। ऐसा स्मारक पूरे जिले में नहीं हैं। कोतवाल प्रवेश राना ने कहा कि तत्कालीन इंस्पेक्टर विघार्णव शर्मा बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने इतना शानदार शहीद स्मारक और राष्ट्र वंदना भवन बनवाया। प्रमुख रूप से जयपाल सिंह चौहान, कमल नयन वार्ष्णेय, कुंवर नितिन पुंढीर, देवकांत कौशिक एडवोकेट, विकास वार्ष्णेय, विष्णु वार्ष्णेय, राहुल सिंह राना आदि मौजूद थे।