हाथरस। जिले में ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान कराने के लिए पहले चरण में 1,700 से अधिक पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के बारे में सघन प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने कहा कि मौजूदा वर्ष 2015 की पंचायत मतदाता सूची में सम्मिलित मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रशिक्षण में गैरहाजिर 37 मतदान कार्मिकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई।
रविवार को मंडी समिति हाथरस में आयोजित प्रशिक्षण में डीएम अबरार अहमद ने मतदान प्रक्रिया में पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई और कहा कि सभी मतदान कार्मिक टीम भावना और व्यवस्थित ढंग से मतदान कराएं। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों से स्पष्ट कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान वह कोई भी ऐसा कार्य या आचरण नहीं करें, जिससे उनकी सत्यनिष्ठा और ईमानदारी पर उंगली उठ सके।
डीएम ने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को हिदायत दी कि वे मतदान की सभी प्रक्रियाओं के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करें। निर्वाचन प्रशिक्षण प्रभारी एवं पीडी चंद्रशेखर शुक्ला ने मतदान कार्मिकों को आयोग के महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी दी और कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
एमजी पॉलीटेक्निक के प्रवक्ता एवं मास्टर ट्रेनर राजेश शर्मा, गिरीश नागर, सुरेशचंद्र यादव और ईश्वर दयाल आदि ने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को मतदान दिवस पर मतदेय स्थल पर पोलिंग एजेंट की तैनाती करने, मतदान के लिये बैलेट बॉक्स तैयार करने, निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराने के अलावा मतदान से संबंधित जरूरी कार्यकलापों एवं अभिलखों को भरने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पीठासीन अधिकारियों को मतदान के लिये बैलेट बॉक्स तैयार करने, मतदान कराने सहित बैलेट बॉैक्स को सील करने जैसी जरूरी प्रक्रियाओं का रिहर्सल कराया।
प्रशिक्षण में डीडीओ मंजू श्रीवास्तव, डीपीआरओ जगदीशराम गौतम, डीआईओएस जेके मलिक, बीएसए देवेंद्र गुप्ता, सहायक अभियंता डीआडीए सुरेंद्र गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।