गर्मी की छुट्टियों का सीजन शुरू होने से पहले ही ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। हालात ये हैं कि लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में अगले 60 दिन तक के आरक्षण तेजी से फुल हो रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक दबाव वैष्णो देवी और मुंबई रूट की ट्रेनों पर देखा जा रहा है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी सीट मिलना मुश्किल हो गया है। यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए काफी पहले से प्रयास करना पड़ रहा है, फिर भी सफलता नहीं मिल पा रही।
रेलवे आरक्षण काउंटर और ऑनलाइन बुकिंग में सुबह आठ बजे जैसे ही 60 दिन बाद की बुकिंग शुरू होती है, लोग तुरंत टिकट कराने में जुट जाते हैं। कुछ ही घंटों में दोपहर तक अधिकांश सीटें फुल हो जाती हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्रियों को वेटिंग का टिकट लेना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि वे शुरुआती वेटिंग के सहारे टिकट ले रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि यात्रा की तिथि तक उनका टिकट कन्फर्म हो जाएगा।
हालांकि बढ़ती मांग के चलते वेटिंग क्लियर होना भी अनिश्चित बना हुआ है। यात्रियों की मांग है कि छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं या स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने पहले से टिकट बुक कराने की सलाह दी जा रही है।
मुझे वैष्णो देवी जाना था। इसके लिए मैं हाथरस सिटी स्टेशन गया था, लेकिन दो महीने बाद के आरक्षण भी फुल हैं, मुझे कन्फर्म आरक्षण चाहिए, इसके लिए मुझसे सुबह आठ बजे आने के लिए कहा गया है।
-पवन कुमार निवासी नाई का नगला।
गर्मी की छुट्टी में किसी भी धार्मिक स्थल पर जाने के ट्रेनों में आरक्षण नहीं है। मैंने कई जगह के आरक्षण के लिए प्रयास किया, लेकिन निराशा ही हाथ लगी है। अब वेटिंग में टिकट कराया है। अगर कन्फर्म हुआ तो जाएंगे।
-राकेश कुमार निवासी वाटर वर्क्स।