हाथरस। नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण के लिए इंतजार शुक्रवार को खत्म हो जाएगा। जिले के सभी सातों ब्लॉकों में नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत बोर्ड को शपथ दिलाई जाएगी। 18 मार्च को होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्लॉकों में कार्यक्रम के लिए पंडाल बनाए गए हैं। डीएम ने सभी ब्लॉकों में शपथ ग्रहण के लिए अधिकारी नामित कर दिए हैं।
जिला पंचायतराज अधिकारी जगदीशराम गौतम ने बताया कि प्रमुख सचिव ने इस संबंध में विधिवत रूप से आदेश जारी कर दिए हैं। इस क्रम में 18 मार्च, 2016 को सुबह 11 बजे से सभी विकास खंड कार्यालयों पर शपथ ग्रहण समारोह को विधिवत रूप से संपन्न कराने के लिए डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया है। बैठक की कार्यवाही की पुष्टि पर विचार होगा। क्षेत्र पंचायत की समितियों का गठन कराया जाएगा। मनरेगा और राज्य वित्त योजना पर विचार-विमर्श होगा। ब्लॉक अध्यक्ष की अनुमति से अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। बैठक में सभी ब्लॉक प्रमुख और सदस्यों को आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण पत्र भी जिला प्रशासन की ओर से भेज दिया गया है।