शहर के एक शोरूम पर बिक्री के लिए रखीं स्कूटी। संवाद
- फोटो : Samvad
नवरात्र में दोपहिया वाहनों के बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग बढ़ी है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और कम रखरखाव खर्च के चलते ग्राहक ईवी की ओर रुख कर रहे हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि नवरात्र से दशहरा और धनतेरस तक जिले में करीब 220 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हो सकती है।
त्योहारी सीजन में वाहन खरीदने के लिए शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। कंपनियां और डीलर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए छूट, एक्सचेंज बोनस और आसान फाइनेंस की सुविधाएं दे रहे हैं। ई-स्कूटर की कम रनिंग कॉस्ट भी ग्राहकों को लुभा रही है।
कम खर्च बना पसंद की वजह
दोपहिया वाहन विक्रेता देवेश सिंघल के अनुसार, पेट्रोल वाहन चलाने में प्रति किलोमीटर करीब दो से ढाई रुपये खर्च होते हैं, जबकि इलेक्ट्रिक वाहन की रनिंग कॉस्ट करीब 20 से 30 पैसे है। नवरात्र में बुकिंग और पूछताछ बढ़ी है। दशहरा और धनतेरस तक बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है। विक्रेता राजीव कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि बैटरी रेंज और चार्जिंग को लेकर ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है। नए मॉडल एक बार चार्ज करने पर 100 से 150 किलोमीटर तक चलने का दावा करते हैं। घर पर चार्जिंग की सुविधा भी ई-स्कूटर की मांग बढ़ा रही है।